SDRF के पर्वतारोही मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ माउंट एवरेस्ट आरोहण अभियान हेतु हुए रवाना, सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने किया फ्लैग ऑफ

0
a4573dd658174893805ee8e55b10f139.jpg

SDRF के पर्वतारोही मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ माउंट एवरेस्ट आरोहण अभियान हेतु हुए रवाना, सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने किया फ्लैग ऑफ

 

 

देहरादून:- उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को एक और गौरवशाली क्षण उस समय प्राप्त हुआ, जब SDRF के साहसी पर्वतारोही मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ को विश्व की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848.86 मीटर) के आरोहण अभियान के लिए रवाना किया गया। उन्हें SDRF वाहिनी जॉलीग्रांट से सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा फ्लैग ऑफ किया गया।

 

इस अवसर पर सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने मुख्य आरक्षी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा –

 

“पर्वतारोहण न केवल शारीरिक और मानसिक दृढ़ता की परीक्षा है, बल्कि SDRF जैसे आपदा मोचन बल के लिए यह एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण का माध्यम भी है। कठिन हिमालयी क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संचालित करने हेतु पर्वतारोहण का अनुभव अत्यंत आवश्यक है। SDRF समय-समय पर अपने कर्मियों को ऐसे अभियानों हेतु प्रेरित करती है।”

 

मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ देश-विदेश में पर्वतारोहण के क्षेत्र में विशेष पहचान रखते हैं। उनके द्वारा अब तक पांच महाद्वीपों की सबसे ऊँची चोटियों के अतिरिक्त देश की अनेक पर्वतों पर तिरंगा फहराया जा चुका है। उनकी प्रमुख उपलब्धियाँ निम्नवत् हैं:

 

भारत: माउंट त्रिशूल (7120 मी.), माउंट गंगोत्री-I (6672 मी.), माउंट श्रीकंठ (6133 मी.), माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मी.), डीकेडी-2 (5670 मी.), माउंट बलज्यूरी (5922 मी.), माउंट बंदरपूंछ (5500 मी.)

यूरोप: माउंट एलब्रुश (5642 मी.)

अफ्रीका: माउंट किलिमंजारो (5895 मी.)

दक्षिण अमेरिका: माउंट अंकोकागुआ, अर्जेंटीना (6961 मी.)

उत्तर अमेरिका: माउंट देनाली, अलास्का (6190 मी.)

ऑस्ट्रेलिया: माउंट कोजियस्को (2228 मी.)

अब वे एशिया की और विश्व की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई कर अपने अभियान को ऐतिहासिक बनाने की ओर अग्रसर हैं। मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ की यह उपलब्धि SDRF और उत्तराखंड पुलिस के गौरव को एक नई ऊँचाई प्रदान करेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed